बेगूसराय : जिले में आग लगने से 6 घर जलकर राख हो गए। वहीं, हादसे में 6 बकरियों की जलकर मौत हो गई। घटना में 2 भैंस भी आग की चपेट में आने से झुलस गए। वहीं घर के रखे सभी सामान जलकर राख हो गए। घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के शकरवासा गांव की है। रविवार की मध्य रात हुई इस घटना में स्थानीय लोगों की मदद से अग्निशमन दस्ता के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं स्थानीय लोगों को प्रशासन की ओर से कोई भी सुविधा नहीं मिली। इसको लेकर उनमें काफी नाराजगी है।
घटना रविवार की देर रात करीब 12:30 बजे की है। घटना के वक्त गांव के सभी सदस्य सोए थे। जब तक लोग जगे आग भयावह रूप ले चुका था। इसके बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र की सकरबासा पंचायत के वार्ड 5 के डीह टोल की है। घटना को लेकर पीड़ित पंकज कुमार ने बताया कि बीती रात 12:30 बजे के आसपास अचानक आग लग गई।
पीड़ित का कहना है कि प्रशासन को सूचना देने के बावजूद भी किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिली। अगलगी में कारी यादव, सुरेंद्र यादव, दिलीप यादव, पप्पू यादव के घर जल गए। घर में रखी लाखों रुपए की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी थाने को दी गई। इस पर वहां से अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रिपोर्ट - सुमन कुमार झा