PATNA-बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है। इस परीक्षा में औरंगाबाद की रामायणी को जहां राज्य भर में पहला स्थान मिला है, वहीं सेकेंड पोजिशन पर नवादा की सानिया ने कब्जा जमाया है। परीक्षा में 486 अंक के साथ राज्यभर में सेकेंड रहने वाली सानिया कुमारी के पिता उदय प्रसाद रजौली में मिठाई की दुकान चलाते हैं। सानिया ने बताया कि उसे पूरी उम्मीद थी कि वो परीक्षा में बेहतर करेंगी। चार भाई-बहनों में सबसे छोटी सानिया की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है।
बिहार बोर्ड ने गुरुवार को मैट्रिक परीक्षा 2022 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार 79.88% परीक्षार्थी पास हुए हैं। पिछले साल से 1.71 प्रतिशत रिजल्ट ज्यादा हुआ है। पटेल हाई स्कूल दाउदनगर औरंगाबाद की छात्रा रामायणी राय स्टेट टॉपर रही हैं। उन्हें 500 में 487 अंक (97.4%) मिले हैं। इससे पहले वर्ष 2015 में टॉपर को 97.40 प्रतिशत अंक आए थे। दूसरे स्थान पर प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल रजौली, नवादा की सानिया कुमारी तथा न्यू अपग्रेड हाई स्कूल सिधप परसाही लदानिया मधुबनी के विवेक ठाकुर रहे हैं। दोनों को 486 अंक (97.2%) हासिल हुए हैं। तीसरे स्थान पर उत्क्रमित एमएस बाजार वर्मा गोह औरंगाबाद की छात्रा प्रज्ञा कुमारी रही है।
उन्हें 485 अंक (97%) मिले हैं। स्टेट टॉपर रामायणी राय के पिता वेटनरी डॉक्टर हैं तो मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। सानिया के पिता पेशे से हलवाई हैं जबकि विवेक के पिता मजदूर हैं। वहीं, प्रज्ञा के पिता किसान हैं। इस बार टॉप 10 में 47 विद्यार्थी हैं। शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने रिजल्ट की घोषणा की। उनके साथ विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार तथा बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर मौजूद थे। आनंद किशोर ने कहा कि रिजल्ट देशभर में सबसे पहले जारी किया गया है।