भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह पटना की मशहूर ग्रेजुएट चायवाली के समर्थन में सामने आई हैं। अक्षरा सिंह ने कहा कि लड़की को तब तक प्रताड़ित करते रहो, जब तक वो वेश्या न बन जाए। बिहार सरकार पर लानत है। सरकार का महिला सशक्तिकरण का यही नमूना है। बता दें कि अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई में ग्रेजुएट चायवाली के नाम से मशहूर प्रियंका गुप्ता का टी स्टॉल प्रशासन ने हटा लिया था।
दरअसल, ग्रेजुएट चायवाली के नाम से मशहूर प्रियंका गुप्ता का टी स्टॉल प्रशासन ने हटा लिया था। इसके बाद प्रियंका गुप्ता का एक रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अक्षरा सिंह ने लिखा कि तुम्हारी हिम्मत तब कहां होती है जब राजशाही मे बैठे लोग तुम्हारी पल-पल धज्जियां उड़ाते हैं। मौन रहो तुम सब, चुप रहो क्योंकि तुम सब भी एक लड़की के सामाजिक ढांचे को ध्वस्त करने में कातिल हो। कहीं जगह देकर बसा नहीं सकते लेकिन पल में लड़की को उजाड़ देने का धौंस रखते हैं। बिहार सरकार पर लानत है।
प्रियंका गुप्ता ने रोते हुए वीडियो में कहा कि यहां लड़कियों की औकात बस इतनी होती है कि वो किचन तक सीमित रहती हैं। लड़कियों को आगे बढ़ने का कोई हक नहीं होता। पटना में गैर-कानूनी तरीके से बहुत सारा काम होता है। अवैध तरीके से शराब बेची जाती है लेकिन वहां सिस्टम एक्टिव नहीं होता। लेकिन कोई लड़की अपना बिजनेस कर रही है तो उसको बार-बार परेशान किया जाता है।